भभुआ कैमूर। कैमूर जिले के भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर खड़ी कोयला लदी मालगाड़ी की एक बोगी में अचानक धुआं उठने से रेलवे के कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना जैसे ही मालगाड़ी के ड्राइवर को मिली तत्काल उसने स्टेशन मास्टर को बताया। जिसके बाद स्टेशन मास्टर ने दमकल विभाग को मौके पर बुलाकर करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी बालूमाथ से कोयला लोड कर एमजेपीजे जा रही थी। फायर ब्रिगेड की तत्परता से एक बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे के कई अधिकारी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गए।
इस संबंध में रेलवे स्टेशन मास्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी जैसे हीं खड़ी हो रही थी कि ड्राइवर को सूचना मिली कि मालगाड़ी की एक बोगी से धुआं निकल रहा है। जिसके बाद ड्राइवर के द्वारा स्टेशन मास्टर को सूचित किया गया। वही स्टेशन मास्टर के द्वारा अग्निशमन को फोन कर मौके पर बुलाया गया जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया।
फायर ब्रिगेड के कर्मी अजीत कुमार ने बताया कि भभुआ रोड रेलवे स्टेशन मास्टर द्वारा फोन पर सूचना दी गई कि स्टेशन पर खड़ी एक मालगाड़ी की बोगी में आग लग गई है। सूचना मिलते ही तुरंत हम लोग अग्निशमन वाहन लेकर भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां पर एक बोगी से धुआं निकल रहा था, जिसके बाद हम लोगों ने 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पूरी तरह से काबू पा लिया है।
