भगवानपुर। प्रखंड मुख्यालय स्थित हरसुवंशी महादेव मंदिर परिसर में मंगलवार को हरसू बंसी परिवार, कैमूर के तत्वावधान में हरसूब्रह्म बाबा का जन्मोत्सव पूरे श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा के दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
जन्मोत्सव के अवसर पर काशी से आए विद्वान आचार्यों द्वारा हरसुवंशी महादेव मंदिर में वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। पूजा के बाद हरसू ब्रह्म बाबा के तैल चित्र पर अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर नमन किया। धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें भजन-कीर्तन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण भोजपुरी गायक एक्टर दोनों भाई अंकुश राजा रहे। जिन्होंने अपनी टीम के साथ बाबा हरसू से जुड़े एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। उनके गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में डूब गया। वहीं रॉबर्ट्सगंज से आए कटप्पा मामा के कलाकारों द्वारा भगवान शिव और शिव महिमा से संबंधित भव्य झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिसने लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद हरसुवंशी महादेव मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, सुसज्जित रथ, साधु-संत, महात्मा एवं सैकड़ों वाहन शामिल रहे। शोभायात्रा भगवानपुर गांव की गलियों से गुजरते हुए भभुआ-भगवानपुर मुख्य मार्ग से भभुआ पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने हरसू ब्रह्म बाबा के तैल चित्र का दर्शन किया।
इसके पश्चात शोभायात्रा चैनपुर स्थित हरसू ब्रह्मधाम के लिए रवाना हुई। वहां पहुंचकर श्रद्धालुओं ने विधिवत दर्शन-पूजन किया, जिसके साथ जन्मोत्सव कार्यक्रम का शांतिपूर्ण एवं भव्य समापन हुआ। आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन भी मुस्तैद रहा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
