रामपुर में 77वें गणतंत्र दिवस पर कृषि मंत्री का भव्य अभिनंदन, बोले किसानों की उपज का मुआवजा के लिए मार्केटिंग बोर्ड का होगा गठन




खाद की कालाबाजारी पर 100 दुकानों का लाइसेंस रदद और 37 पर FIR दर्ज, किसानों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई

रामपुर कैमूर(बंटी जायसवाल) कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड अंतर्गत कुड़ारी पंचायत के थीलोई गांव में सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पैक्स अध्यक्ष ई. हीरालाल यादव के आवास पर कैमूर प्रभारी सह बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव का भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। मंत्री के गांव पहुंचते ही कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री के साथ पूर्व मंत्री संतोष सिंह भी मौजूद रहे।

समारोह में पैक्स अध्यक्ष के बड़े भाई विनय कुमार यादव ने कृषि मंत्री रामकृपाल यादव को चांदी का मुकुट, गुलदस्ता, तैलचित्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद पैक्स अध्यक्ष ई. हीरा लाल यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी आए हुए सभी अतिथियों को बुके और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।


सभा को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि देश की आजादी बहुत संघर्ष और बलिदान के बाद मिली है। भारत की रक्षा में बिहार, विशेषकर कैमूर की धरती के युवाओं का योगदान सदैव सराहनीय रहा है। उन्होंने कहा कि आज भी देश की सीमाओं पर सेवा देने वालों में बड़ी संख्या बिहार के जवानों की है, जो देश की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
कृषि मंत्री ने किसानों को राष्ट्र की रीढ़ बताते हुए कहा कि देश की लगभग 76 प्रतिशत आबादी आज भी कृषि पर निर्भर है। जब तक किसान खुशहाल नहीं होंगे, तब तक न बिहार विकसित होगा और न ही देश। प्रधानमंत्री के विकसित भारत–2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के विकास के बिना यह सपना अधूरा रहेगा। उन्होंने मखाना के अंतरराष्ट्रीय निर्यात का उदाहरण देते हुए बताया कि पूर्णिया से दुबई मखाना का निर्यात शुरू हो चुका है, जिससे किसानों की आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए मार्केटिंग बोर्ड के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। साथ ही बीज और खाद की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक 100 दुकानों के लाइसेंस रद्द किए गए हैं और 37 दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज की गई है। किसानों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कोषांग सक्रिय है और हर शिकायत की निगरानी स्वयं मंत्री स्तर से की जा रही है।


कार्यक्रम की अध्यक्षता व मंच संचालन पैक्स अध्यक्ष ई. हीरा लाल यादव ने किया। मौके पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश चौबे, भाजपा नेता प्रमोद यादव, प्रखंड प्रमुख घूरा सिंह यादव, पैक्स अध्यक्ष संदीप कुमार उर्फ मुन्ना सिंह सहित सैकड़ों किसान, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top