रामपुर कैमूर। रामपुर प्रखंड के सबार गांव स्थित मां काली मंदिर के पास उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित 7 दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का रोमांच दूसरे दिन भी चरम पर रहा। मंगलवार को टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में अधौरा और बक्सर की टीम आमने–सामने हुई। दोनों ही टीमों ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन पहले हाफ तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। दर्शकों की उत्सुकता के बीच हाफ टाइम तक मुकाबला बराबरी पर रहा।
हाफ टाइम के बाद अधौरा की टीम ने खेल की रफ्तार बढ़ाई और शानदार तालमेल के साथ बक्सर के खिलाफ एकमात्र निर्णायक गोल दागकर बढ़त बना ली। इसके बाद बक्सर की टीम ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन अधौरा की मजबूत रक्षा पंक्ति के आगे उनके सभी हमले नाकाम रहे। निर्धारित समय समाप्त होने तक बक्सर की टीम कोई गोल नहीं कर सकी और अंततः अधौरा ने बक्सर को 1–0 से पराजित कर जीत दर्ज की।
मैच कुल 35–35 मिनट का खेला गया, जो शुरू से अंत तक बेहद रोमांचक रहा। खेल के दौरान मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखने लायक था। मैच के उद्घोषक की भूमिका मनोज पासवान ने निभाई, जबकि रेफरी के रूप में रौशन अली, लाइंस मैन नौशाद अली और लालबाबू पासवान ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।




