मोहनिया/कैमूर। जिले में दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर मोहनिया टोल प्लाजा के समीप शनिवार की रात भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में मार्बल लदे ट्रेलर में एक ऑटो फंस गया, जिसमें सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत समहूता गांव निवासी प्रमोद खरवार के 18 वर्षीय पुत्र अक्षय कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान मनु कुमार, पिता स्वदेशी और बृजेश कुमार, पिता इंद्रदेव के रूप में बताई गई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया पहुंचाया गया, जहां एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार अक्षय कुमार और दोनों घायल दुर्गावती के सावठ गांव से कुट्टी मशीन पहुंचाकर ऑटो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मोहनिया टोल प्लाजा के समीप ऑटो मार्बल लदे ट्रेलर में फंस गया। हादसे में अक्षय की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मृतक का शव अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया लाया गया, जहां पुलिस द्वारा आवश्यक कागजी कार्रवाई की जा रही थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद टोल प्लाजा कर्मियों और एनएचएआई की कथित लापरवाही के कारण ट्रेलर में फंसे ऑटो को निकालने में देरी हुई, जिससे युवक की जान चली गई।
परिजनों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
